
हाथरस 22 फरवरी । आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई। यह दुर्घटना हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के हतीसा पुल के पास उस समय हुई, जब आगरा के रामबाग इलाके के प्रकाश नगर निवासी 30 वर्षीय सोनू अपनी 55 वर्षीय मां मुन्नी बेगम को स्कूटी से दवा दिलवाने के लिए सासनी के गांव विघैपुर जा रहा था। हतीसा पुल के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सरकारी एंबुलेंस मौके पर पहुँची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मां-बेटे दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही अस्पताल पहुँचे परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक सोनू आगरा की एक ढलाई फैक्ट्री में काम करता था और अपनी लकवाग्रस्त मां की देखभाल कर रहा था। बताया जा रहा है कि सोनू की पत्नी का हाल ही में निधन हो गया था, जिसके बाद अब वह अपने पीछे दो मासूम बच्चों को अनाथ छोड़ गया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश और मामले की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
















