Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 फरवरी । विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जनपद की मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी (डीएम) अतुल वत्स ने रविवार को विभिन्न बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी सबसे पहले विकासखंड मुरसान के प्राथमिक विद्यालय दयालपुर (बूथ संख्या 61) पहुंचे। वहां उपस्थित बीएलओ खुशबू सिंह से उन्होंने ऑनलाइन व ऑफलाइन प्राप्त फॉर्म-06 की प्रगति की जानकारी ली। बीएलओ ने बताया कि अब तक 41 फॉर्म ऑनलाइन किए जा चुके हैं। डीएम ने जब बीएलओ द्वारा तैयार की गई पंजिका का अवलोकन किया, तो विवरण अत्यंत स्पष्ट और व्यवस्थित पाए जाने पर उन्होंने कार्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की और उत्कृष्ट कार्य के लिए बीएलओ को बधाई दी।

इसके उपरांत डीएम ने जीएसएएस उच्च माध्यमिक विद्यालय मुरसान के बूथ संख्या 22, 23 और 24 का निरीक्षण किया। बूथ संख्या 24 के निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने वहां मौजूद नए मतदाताओं से सीधा संवाद किया और स्वयं अपनी उपस्थिति में उनके फॉर्म-06 भरवाने की प्रक्रिया पूर्ण कराई। उन्होंने युवाओं से पूछा कि उन्हें पंजीकरण में कोई समस्या तो नहीं आ रही है। निरीक्षण के अंत में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी बीएलओ को कड़े निर्देश दिए कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य एक ऐसी मतदाता सूची तैयार करना है जिसमें कोई त्रुटि न हो। उन्होंने कहा, “लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने के लिए हर पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज होना अनिवार्य है। बीएलओ घर-घर जाकर सुनिश्चित करें कि कोई भी नाम छूटने न पाए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page