Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 21 फरवरी । कोतवाली परिसर में शुक्रवार शाम कोल्ड स्टोरेज संचालकों और हिंदू-मुस्लिम समाज के गणमान्य नागरिकों की एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक आगामी होली पर्व और आलू की चल रही खुदाई के मद्देनजर बुलाई गई थी। इसमें आगरा-अलीगढ़ हाईवे सहित नगर के विभिन्न मार्गों पर जाम की समस्या रोकने और त्योहारों के दौरान शांति-व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि इस समय क्षेत्र में आलू की फसल की खुदाई जोरों पर है, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। उन्होंने कोल्ड स्टोर संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे उतने ही वाहन बुलाएं जितने उनके परिसर के अंदर खड़े हो सकें। निरीक्षक सिंह ने जोर दिया कि सड़क पर वाहन खड़े कर लोडिंग-अनलोडिंग करने से जाम की स्थिति बनती है, जिससे आम राहगीरों और बाहरी आवागमन करने वालों को भारी परेशानी होती है। उन्होंने कोल्ड स्टोर संचालकों से सावधानी बरतने और पुलिस को सहयोग करने की अपेक्षा जताई, ताकि किसानों को सुविधा मिले और यातायात भी सुचारु बना रहे। आगामी होली पर्व और रमजान को लेकर प्रभारी निरीक्षक ने सभी समुदायों के लोगों को सचेत किया। उन्होंने कहा कि सादाबाद की पहचान आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण परंपरा के लिए रही है, और इसी परंपरा को आगे भी कायम रखा जाना चाहिए, जैसे हिंदू और मुस्लिम समाज के लोग एक-दूसरे के पर्वों का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाते आए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी प्रकार की अफवाह, विवाद या उपद्रव की आशंका हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान अतिरिक्त पलिस निगरानी भी रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page