
हाथरस 21 फरवरी । जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में युवतियों और एक किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के तीन सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। पुलिस ने पीड़ित परिजनों की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पहला मामला मुरसान कोतवाली क्षेत्र का है। यहाँ के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उनकी 20 वर्षीय भांजी उनके घर पर ही रह रही थी। आरोप है कि बीती 19 फरवरी को गांव सितारी (थाना सासनी) निवासी साहिल पुत्र प्रकाशी उसे बहला-फुसलाकर कहीं ले गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब भांजी का सुराग नहीं लगा, तो मामा ने थाने में नामजद तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है।
दूसरी घटना हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र की है। यहाँ एक गांव निवासी पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि जब वह खेत पर पानी लगाने गए थे, तब घर पर उनकी 15 वर्षीय बेटी अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव मल्हा निवासी प्रशांत घर आया और उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया। छोटी बहन ने जब घर आकर जानकारी दी, तो हड़कंप मच गया। पुलिस किशोरी की बरामदगी के प्रयास कर रही है। तीसरा मामला भी हाथरस जंक्शन क्षेत्र का ही है। यहाँ गांव के ही राजकुमार ने पहले 15 फरवरी को अपनी 20 वर्षीय बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। हालांकि, अब जांच और जानकारी के बाद पिता ने आरोप लगाया है कि गांव का ही वीरेश उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया है। पुलिस ने इस मामले में भी संबंधित धाराओं में मुकदमा तरमीम कर युवती की तलाश तेज कर दी है।













