
हाथरस 21 फरवरी । कोतवाली सदर क्षेत्र के अंतर्गत सासनी गेट चौराहे पर एक व्यक्ति को बीच सड़क रोककर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। जानकारी के अनुसार, शहर के खातीखाना निवासी मुकेश शर्मा ने कोतवाली सदर में दी गई तहरीर में बताया कि वह एक पुराने मुकदमे में पैरवी कर रहे हैं। आरोप है कि जब वे सासनी गेट चौराहे के पास से गुजर रहे थे, तभी मीतई (थाना चंदपा) निवासी मुकेश भारद्वाज ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोपी ने मुकेश शर्मा पर मुकदमे में फैसला करने का दबाव बनाया और धमकी देते हुए कहा कि “यदि पैरवी बंद नहीं की और फैसला नहीं किया, तो जान से मार दूंगा।”
पीड़ित का कहना है कि आरोपी धमकी देकर मौके से फरार हो गया, लेकिन यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी मुकेश भारद्वाज के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार डरा हुआ है।













