
हाथरस 21 फरवरी । यूजीसी बिल और एससी/एसटी एक्ट के विरोध में राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के अध्यक्ष पंकज धवरैया का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को भी कंचन नगर स्थित उनके निवास के बाहर जारी रहा। आंदोलन के बढ़ते प्रभाव और सुरक्षा संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अब धरना स्थल की निगरानी सख्त कर दी है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) के निर्देशानुसार, धरना स्थल पर हाई सिक्योरिटी सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं, जिनसे पुलिस कार्यालय द्वारा सीधे ‘लाइव मॉनिटरिंग’ की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य धरने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना और हर गतिविधि पर नजर रखना है।
वहीं, प्रशासन की इस चौकसी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए पंकज धवरैया ने सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “बीजेपी सरकार उनके इस धरने से पूरी तरह डर चुकी है। सरकार को भय है कि कहीं सवर्ण समाज पूरी तरह जागरूक न हो जाए, इसलिए आंदोलन को कमजोर करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।” धवरैया ने आरोप लगाया कि पहले फर्जी ऑडियो के जरिए उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई और अब सीसीटीवी के माध्यम से उन पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन वे झुकेंगे नहीं। पंकज धवरैया ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगें सवर्ण समाज के हितों से जुड़ी हैं और जब तक इन पर सकारात्मक निर्णय नहीं होता, उनका अनिश्चितकालीन धरना डंके की चोट पर जारी रहेगा।













