Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 फरवरी । भारतीय जनता पार्टी (भारतीय जनता पार्टी) की नई जिला कार्यकारिणी के गठन को लेकर हाथरस में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पिछले माह पार्टी ने निवर्तमान जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी के स्थान पर प्रेम सिंह कुशवाहा को नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया था। अब पार्टी हाईकमान द्वारा जिला कार्यकारिणी गठन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए जाने के बाद दावेदारी की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सूत्रों के अनुसार, इस प्रक्रिया के लिए एक कोर कमेटी गठित की गई है, जिसमें जिलाध्यक्ष, निवर्तमान जिलाध्यक्ष, स्थानीय सांसद, विधायक तथा प्रदेश व क्षेत्र स्तर के पदाधिकारी शामिल रहेंगे।

जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला कार्यसमिति में अध्यक्ष सहित कुल 90 पदाधिकारी और सदस्य होंगे, जिनमें आठ उपाध्यक्ष, तीन महामंत्री, आठ मंत्री, एक कोषाध्यक्ष के साथ मीडिया प्रभारी, सोशल मीडिया प्रभारी और आईटी संयोजक के पद भी शामिल हैं। जिला पर्यवेक्षक जिलाध्यक्ष के साथ बैठक कर प्रस्तावित सूची तैयार करेंगे, जिसे प्रदेश नेतृत्व की स्वीकृति के बाद घोषित किया जाएगा। पार्टी ने सामाजिक संतुलन पर विशेष जोर देते हुए कम से कम सात महिलाओं और दो अनुसूचित जाति/जनजाति के सदस्यों को पदाधिकारी बनाने के निर्देश दिए हैं, जबकि कुल कार्यसमिति में 30 महिलाएं और 6 अनुसूचित जाति/जनजाति के सदस्य शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि जिला उपाध्यक्ष पद के लिए करीब 50, महामंत्री के लिए 35, मंत्री पद के लिए 40 और कोषाध्यक्ष पद के लिए 20 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी से जुड़े पदों के लिए भी बड़ी संख्या में दावेदार सामने आए हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि होली से पहले जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी जाएगी। जानकारी के अनुसार प्रदेश मंत्री एवं हाथरस के जिला पर्यवेक्षक डॉ चंद्र मोहन शीघ्र हाथरस पहुंचकर कोर कमेटी की बैठक लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page