Hamara Hathras

Latest News

सासनी 20 फरवरी । जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी पर आयरन सुक्रोज सप्ताह का फीता काटकर शुभारंभ किया तथा इसके पश्चात केंद्र का औचक निरीक्षण कर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने उपस्थित गर्भवती महिलाओं से संवाद कर आयरन सुक्रोज डोज लगने के बाद उनकी स्थिति के बारे में फीडबैक लिया, जिस पर महिलाओं ने बताया कि पहले चक्कर व कमजोरी महसूस होती थी, लेकिन अब स्वास्थ्य में सुधार है। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ 10 गर्भवती महिलाओं को लोहे की कढ़ाही एवं फल की टोकरी वितरित की और उन्हें लोहे की कढ़ाही में बनी सब्जियों के सेवन के साथ पालक, बथुआ व मैथी जैसी हरी सब्जियों को अधिक मात्रा में खाने की सलाह दी, जिससे हीमोग्लोबिन की कमी न हो। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन गर्भवती महिलाओं का हीमोग्लोबिन 8 ग्राम से कम है, उन्हें अनिवार्य रूप से आयरन सुक्रोज की डोज दी जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लैब में महिलाओं की शुगर जांच अपने सामने कराई और जानकारी ली कि वर्तमान में यहां 31 प्रकार की जांच की जा रही हैं। उन्होंने एक्स-रे कक्ष, ओपीडी, दंत कक्ष, इमरजेंसी, लेबर रूम, एनबीएसयू, ओटी एवं पोस्ट ऑपरेशन वार्ड का निरीक्षण करते हुए सभी कक्षों में हल्के या सफेद रंग के पैनल लगवाने के निर्देश दिए ताकि रोशनी बेहतर रहे। लेबर रूम में क्लोज डोर अलमारी रखने, नियमित डस्टिंग कराने तथा इमरजेंसी दवाओं के प्रयोग व इंस्ट्रूमेंट स्टरलाइजेशन की प्रक्रिया की जानकारी भी ली। एनबीएसयू के निरीक्षण में बच्चों के एडमिट-डिस्चार्ज रजिस्टर का अवलोकन करते हुए रेडिएंट वार्मर व फोटो थेरेपी की कार्यशीलता की जांच की गई। पोस्ट ऑपरेशन वार्ड में चल रहे पैनल कार्य की गुणवत्ता देखी गई तथा अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत सासनी को अस्पताल परिसर में इंटरलॉकिंग लगवाने एवं पीछे साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर आयरन सुक्रोज सप्ताह का संचालन किया जा रहा है, जिसके तहत आज 16 महिलाओं को पहली तथा 34 महिलाओं को दूसरी डोज दी गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, फार्मासिस्ट सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About Author
Ayog Deepak

Ayog Deepak is an Indian journalist and businessperson who is the chairman and Editor-in-chief of Hamara Hathras News.

View All Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page