
हाथरस 18 फरवरी । हाथरस नगर पालिका के वार्ड नंबर 19 हतीसा भगवन्तपुर में नगर पालिका की भूमि पर जल्द ही सर्किट हाउस का निर्माण कराया जाएगा। राज्य सरकार से इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है तथा जिला अधिकारी द्वारा औपचारिक स्वीकृति की कार्यवाही की जा रही है। इस परियोजना का निर्माण कार्य नगर पालिका द्वारा कराया जाएगा, जिसे क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने मौके पर पहुंचकर भूमि की साफ-सफाई एवं जल निकासी कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और गति को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि प्रस्तावित सर्किट हाउस प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने के साथ-साथ अतिथि सुविधाओं को भी सुदृढ़ करेगा और नगर के विकास को नई गति प्रदान करेगा। इस अवसर पर वार्ड 19 के सभासद हिमांशु कौशिक सहित राना, रवि सोखिया, रोहित राज, जितेंद्र सिंह एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

















