
हाथरस 17 फरवरी । हाथरस के मथुरा-बरेली रोड पर गैस सिलेंडर से लदे एक ई-रिक्शा ने अनियंत्रित होकर कार में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार क्षतिग्रस्त हो गई और ई-रिक्शा में रखे गैस सिलेंडर सड़क पर बिखर गए। गनीमत रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार, अनुपमा कुलश्रेष्ठ (एडीजी आगरा जोन) द्वारा पुलिस लाइन में शहर के व्यापारियों के साथ बैठक की गई थी। बैठक समाप्त होने के बाद कुछ व्यापारी कार से लौट रहे थे। कार में अनुभव अग्रवाल, मंदन मोहन अग्रवाल और मोहन लाल सराफा सवार थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी कार बिजली कॉटन मिल के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों व व्यापारियों की भीड़ एकत्र हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया। हादसे में कार सवार व्यापारी बाल-बाल बच गए। व्यापारी अनुभव अग्रवाल ने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर से लदे ई-रिक्शा का चालक कथित रूप से शराब के नशे में वाहन चला रहा था। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

















