Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 फरवरी । नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत 16 फरवरी 2026 से जनपद में मीजिल्स-रुबैला (एमआर) अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव राय की अध्यक्षता में मीडिया कवरेज कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिन जनपदों में मीजिल्स (खसरा) के अधिक मामले सामने आए हैं, वहां यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान स्कूल आधारित होगा, जिसके अंतर्गत कक्षा 1 से 5 तक के सभी स्कूली बच्चों को 16 से 27 फरवरी 2026 तक नॉन-आरआई दिवसों में एमआर वैक्सीन लगाई जाएगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एम.आई. आलम ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के लगभग 1699 सरकारी एवं निजी विद्यालयों के करीब 1,47,693 बच्चों को एमआर टीकाकरण से आच्छादित किया जाएगा। टीकाकृत सभी बच्चों का विवरण भारत सरकार द्वारा संचालित यू-विन पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा, जिससे अभिभावक अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से डिजिटल टीकाकरण प्रमाण पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से अपील की कि वे अभियान में पूर्ण सहयोग करें और सभी पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने बताया कि एमआर वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित है तथा यह बच्चों में खसरा एवं रूबैला वायरस के विरुद्ध प्रतिरोधक क्षमता विकसित करती है, जिससे इन रोगों की रोकथाम संभव है। साथ ही सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने अधीनस्थ टीकाकर्मियों एवं सुपरवाइजरों के माध्यम से विद्यालयों में टीकाकरण से एक दिन पूर्व समन्वय स्थापित कर अधिकतम बच्चों को वैक्सीन से आच्छादित कराना सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page