
हाथरस 14 फरवरी । हाथरस के मुरसान थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव में एक महिला ने अपने पड़ोसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि एक नशेड़ी युवक ने उसके छोटे बेटे को बहकाकर घर से लाखों रुपये का सामान चोरी करवा लिया। इस संबंध में महिला ने मुरसान कोतवाली में शिकायत की गई है। जयप्यारी देवी पत्नी स्व० सत्यप्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके तीन बड़े बेटे बाहर काम करते हैं। गांव का एक नशेबाज युवक उनके छोटे बेटे प्रदीप को झांसे में लेकर उसी के घर में चोरी कराने लगा। चोरी हुए सामान में 60 किलोग्राम पीतल के घरेलू बर्तन, 5 ग्राम की एक सोने की अंगूठी और 2 क्विंटल गेहूं शामिल हैं। महिला ने बताया कि आरोपी युवक नशे का आदी है और गांजा पीता है। जयप्यारी देवी को 12 फरवरी 2026 को चोरी का पता चला। उन्होंने तुरंत अपने तीनों बड़े बेटों को इसकी जानकारी दी, जिन्होंने आकर मामले की पड़ताल की। जांच में सामने आया कि पड़ोसी युवक ने ही उनके छोटे बेटे को बहकाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। महिला ने पुलिस से चोरी हुआ सामान वापस दिलवाने की मांग की है। मुरसान कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।















