
सादाबाद 14 फरवरी । कस्बे के विनोबा नगर चौराहे पर शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। आगरा से सब्जी लेकर मुरादाबाद जा रही मैक्स पिकअप और मुरसान मार्ग से चौराहे की ओर आ रही एक कार में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैक्स पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और उसमें लदी सब्जियां चारों ओर बिखर गईं।
इस हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद कार चालक वाहन के अंदर ही गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया और उसे होश में लाने के लिए प्राथमिक उपचार दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। डॉक्टरों के अनुसार, चालक की हालत गंभीर बनी हुई थी। उधर, मैक्स पिकअप के पलटने से राजमार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। सड़क पर सब्जियां फैलने और वाहन के बीचोंबीच पलटने के कारण लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर जुटी भीड़ को हटाया और क्रेन की मदद से पलटे हुए वाहन को सीधा करवाया। इसके बाद सब्जियों को सड़क किनारे कर यातायात को सुचारु किया गया। मैक्स पिकअप में सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चौराहे पर तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।















