
हाथरस 14 फरवरी । हाथरस में मानवता की मिसाल पेश करते हुए एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक हृयूमन राइट्स (एडीएचआर) के तत्वावधान में पुलवामा में शहीद सैनिकों को समर्पित रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रक्तदानियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 30 यूनिट रक्तदान किया गया। शिविर में पति-पत्नी, भाई-भाई, मित्र, पिता-पुत्र, मां-पुत्री सहित विभिन्न वर्गों के लोगों और पत्रकार साथियों ने सहभागिता कर मानवता का परिचय दिया। डा. भरत यादव ने कहा कि यह रक्तदान शिविर पुलवामा हमले में शहीद हुए सैनिकों को समर्पित है। रक्तदान वह महादान है जो मृत्यु से संघर्ष कर रहे व्यक्ति को नया जीवन देता है। एडीएचआर का प्रयास है कि रक्त की कमी से किसी की जान न जाए। राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण वार्ष्णेय ने कहा कि सनातन संस्कृति हर पल मानवता और प्रेम का संदेश देती है। वहीं राष्ट्रीय प्रवक्ता देवेंद्र गोयल ने बताया कि एक यूनिट रक्त चार लोगों की जान बचा सकता है। जिलाध्यक्ष कमलकांत दोबरावाल ने कहा कि पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों को सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम मानव सेवा के कार्यों में आगे बढ़ें। महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सोनल अग्रवाल ने वीर जवानों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका ऋण जीवनभर नहीं चुकाया जा सकता। शिविर को सफल बनाने में राजीव अग्निहोत्री, जिला महासचिव शैलेन्द्र साँवलिया, बाल प्रकाश वार्ष्णेय, इन्द्रेश चौधरी, राजेश वार्ष्णेय, कौशल किशोर गुप्ता, आयुष अग्रवाल, अमन बंसल, जितिन तरैटिया, संदीप गुप्ता, श्याम वार्ष्णेय, राम वार्ष्णेय, पुनीत अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, कविता गोयल, प्रेमवदा गर्ग, प्रभा वार्ष्णेय सहित अन्य कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा। शिविर के माध्यम से मानवता, एकता और शहीदों के प्रति श्रद्धा का संदेश दिया गया।















