
हाथरस 13 फरवरी । हाथरस जनपद के सिकंदराराऊ क्षेत्र में एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया है। रतिभानपुर गांव के पास नेशनल हाईवे पर हुए एक भीषण एक्सीडेंट में ग्राम खटुआ पीपलगवां निवासी करीब 50 वर्षीय वरिष्ठ अधिवक्ता बृजभान सिंह की असामयिक मृत्यु हो गई। इस दुखद घटना के बाद से स्थानीय अधिवक्ताओं और ग्रामीणों में गहरा रोष और शोक व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता बृजभान सिंह प्रतिदिन की भांति अपनी बाइक से सिकंद्राराऊ सिविल कोर्ट में प्रैक्टिस के लिए घर से निकले थे। जैसे ही वह रतिभानपुर गांव के समीप पहुंचे, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने लापरवाही से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अधिवक्ता सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक मौके पर ही कैंटर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में उन्हें एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, लेकिन वहां तैनात चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बृजभान सिंह के निधन की खबर मिलते ही कानूनी जगत में सन्नाटा पसर गया। वह क्षेत्र के एक बेहद मिलनसार और लोकप्रिय व्यक्तित्व के धनी थे। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हाल ही में संपन्न हुए सिविल बार एसोसिएशन के चुनाव में उन्हें निर्विरोध सचिव चुना गया था। कुछ ही दिनों बाद उनके शपथ ग्रहण का कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल परिसर में अधिवक्ताओं और शुभचिंतकों का भारी जमावड़ा लग गया। सूचना मिलने पर पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। फरार कैंटर चालक की तलाश जारी है। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्रियों और एक पुत्र का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी गांव में ही सरकारी शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। इस अचानक हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन ली हैं और पूरे क्षेत्र में गमगीन माहौल है।

















