Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 फरवरी । आगामी शिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा जनपद में लगातार निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की जा रही है। सहायक आयुक्त खाद्य-2 रणधीर सिंह एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में कांवड़ रूट उमरावपुर, रतिभानपुर, एटा रोड सिकंदराराऊ सहित विभिन्न स्थानों पर स्थित ढाबों एवं रेस्टोरेंटों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान संचालकों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, ताजा एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन परोसने तथा रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान राहुल होटल एंड ट्रक ढाबा एवं प्रधान जी फैमिली ढाबा (उमरावपुर, एटा रोड) की जांच की गई। राहुल होटल एंड ट्रक ढाबा से तैयार अरहर दाल का नमूना गुणवत्ता जांच हेतु संग्रहित किया गया। इसके अतिरिक्त बरेली रोड स्थित पंडित ढाबा तथा होटल श्री बजरंग ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सादाबाद तहसील क्षेत्र में आगरा रोड स्थित पंजाबी ढाबा (शुद्ध शाकाहारी) एवं चौधरी ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट की जांच की गई, वहीं मथुरा-मुरसान रोड पर स्थित जय बजरंग ढाबा, मां वैष्णो ढाबा, वैष्णवी ढाबा और प्रधान फैमिली ढाबा का भी निरीक्षण कर त्योहार को देखते हुए साफ-सफाई एवं खाद्य गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page