
हाथरस 12 फरवरी । जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस (डायमंड) द्वारा 11 फरवरी को ‘बीमार दिवस’ के अवसर पर एक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सोनल अग्रवाल ने डॉ. भरत यादव के सम्मान में विचार व्यक्त कर की। इस अवसर पर प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. भरत यादव ने मधुमेह (डायबिटीज), उच्च रक्तचाप, कैंसर, शरीर एवं छाती में गांठ, घुटनों में ग्रीस की कमी, अपच, मासिक धर्म की अनियमितता तथा ब्रेन हेमरेज जैसी गंभीर बीमारियों के लक्षण, बचाव एवं समय पर उपचार के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने अपने स्वास्थ्य से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. यादव ने सरल और प्रभावी ढंग से उत्तर दिया। उन्होंने दवाइयों पर निर्भरता कम करते हुए संतुलित खान-पान, नियमित दिनचर्या और प्रतिदिन योग करने पर विशेष जोर दिया। उनका कहना था कि यदि जीवनशैली संतुलित रखी जाए तो आधी बीमारियों से स्वतः बचाव संभव है। इस दौरान जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। संस्था की ओर से डॉ. भरत यादव को पटका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में डायमंड ग्रुप की जन्मदाता एवं फेडरेशन यूनिट डायरेक्टर 9B सोनल अग्रवाल, चार्टर अध्यक्ष पूजा वार्ष्णेय, आईपीपी पूजा वार्ष्णेय, अध्यक्ष प्रभा वार्ष्णेय, सचिव आशु वार्ष्णेय, गीता वार्ष्णेय, ईशा वार्ष्णेय एवं रेशु वार्ष्णेय सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना तथा लोगों को समय पर उपचार के लिए प्रेरित करना रहा।

















