
हाथरस 11 फरवरी । सरस्वती विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज, लेबर कॉलोनी हाथरस में आज कक्षा द्वादश के छात्रों के लिए आशीर्वाद (विदाई) समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आगामी जीवन व परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएँ एवं मार्गदर्शन प्रदान करना रहा। समारोह में प्रबंध समिति एवं शिक्षाजगत से जुड़े अनेक विशिष्ट गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से पुरुषोत्तम राठी (अध्यक्ष, प्रबंध समिति), शरद तिवारी (उपाध्यक्ष),मनोज अग्निहोत्री (अध्यक्ष/प्रबंधक), लोकेन्द्र नाथ शर्मा (प्रधानाचार्य) उपस्थित रहे। विशेष अतिथियों में मोहन तिवारी (IITian), गोपाल कृष्ण (प्रबंध समिति सदस्य एवं विहिप जिला उपाध्यक्ष), दीपक शर्मा (प्रबंध समिति सदस्य, बेकटेश्वर वेलफेयर सोसायटी, संस्थापक—नेकी की दुकान), डॉ. मनोज शर्मा (प्रवक्ता रसायन विज्ञान, बागला इंटर कॉलेज) एवं डॉ. अरविन्द चौहान (प्रवक्ता भौतिक विज्ञान, बागला इंटर कॉलेज) शामिल रहे। अतिथियों ने अपने प्रेरक उद्बोधनों में विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम, नैतिक मूल्यों और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्य लोकेन्द्र नाथ शर्मा ने छात्रों के शैक्षिक, संस्कारात्मक एवं सर्वांगीण विकास पर प्रकाश डालते हुए विद्यालय परिवार की ओर से शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। कार्यक्रम का समापन छात्रों को आशीर्वाद एवं सफल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।


















