Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 फरवरी । महाशिवरात्रि पर्व, रमजान माह तथा आगामी बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आयुक्त अलीगढ़ मंडल संगीता सिंह एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक अलीगढ़ परिक्षेत्र प्रभाकर चौधरी द्वारा सोमवार 09 फरवरी 2026 को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से परिक्षेत्र के सभी जनपदों के जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी के दौरान स्नानार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्नान घाटों पर समुचित जल बैरिकेडिंग, गहरे पानी के खतरा चिन्ह लगाने तथा प्रभावी भीड़ नियंत्रण के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से जनपद कासगंज के गंगा घाटों पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव हेतु फ्लड पीएसी, गोताखोरों एवं पर्याप्त बैरिकेडिंग की पूर्व व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कांवड़ यात्रा के दौरान पूर्व में हुई दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए कांवड़ मार्गों पर भारी वाहनों का पूर्णत: प्रवेश वर्जित करने, ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने, कांवड़ियों के लिए एकल मार्गीय व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संबंधित विभागों को सड़कों के गड्ढे भरने, विद्युत पोल व तार दुरुस्त कराने एवं घाटों की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। आयोजकों, शिविर एवं भंडारा प्रबंधकों के साथ समन्वय स्थापित करने, जिलाधिकारियों व पुलिस अधिकारियों द्वारा स्वयं घाटों व मार्गों का निरीक्षण करने, कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, पार्किंग स्थलों, ट्रैफिक डायवर्जन प्वाइंट व होल्डिंग एरिया चिन्हित कर यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया।

धार्मिक स्थलों एवं मंदिरों, जहां जलाभिषेक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, वहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, होटल, धर्मशालाओं, सराय एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क निगरानी रखने तथा थाना क्षेत्रों में कांवड़ियों की सुरक्षा हेतु नियमित पुलिस पेट्रोलिंग कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही पीआरबी-112 वाहनों के रूट में आवश्यकतानुसार परिवर्तन सुनिश्चित करने को कहा गया। रमजान माह के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने, पुलिस बल का रणनीतिक व्यवस्थापन करने, धर्मगुरुओं, आयोजकों, पीस कमेटी, सिविल डिफेंस एवं संभ्रांत व्यक्तियों के साथ तत्काल गोष्ठियां आयोजित करने तथा फुट पेट्रोलिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। वहीं बोर्ड परीक्षाओं को लेकर परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति व्यवस्था, ध्वनि नियंत्रण एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षाओं के दौरान अराजकता, अफवाह फैलाने अथवा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध तत्काल एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी जनपदों में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी आपसी समन्वय के साथ लगातार निगरानी रखेंगे, ताकि महाशिवरात्रि पर्व, रमजान माह एवं बोर्ड परीक्षाएं श्रद्धा, शांति एवं सुरक्षा के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page