
हाथरस 09 फरवरी । हाथरस के मुरसान कस्बे में ढाई वर्षीय बच्चे की सड़क हादसे में मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने जमकर बवाल किया। मथुरा रोड पर जाम लगाने के बाद भीड़ ने मुरसान थाने पर पथराव किया। जिसमें कोतवाली प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में 51 लोगों को नामजद और 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आज मृत बच्चे का अंतिम संस्कार कड़ी सुरक्षा के बीच कराया गया। यह घटना शनिवार को हुई थी, जब मुरसान कस्बा निवासी रूपेश उर्फ रूपा के ढाई वर्षीय पुत्र यश की एक कार से कुचलकर मौत हो गई थी। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने पहले मथुरा रोड पर जाम लगाया और इसके बाद देर शाम करीब 15 मिनट तक मुरसान थाने पर पथराव किया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पथराव के दौरान पुलिस की कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ीं। इस घटना में कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरी सहित सात पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के वीडियो फुटेज के आधार पर 51 लोगों की पहचान कर उन्हें नामजद किया है। इसके अलावा 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीन उपद्रवियों- बबलू, धीरज और रामबाबू (निवासी मुरसान) को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। बताया जा रहा है कि कई उपद्रवी कस्बे से फरार हैं। पुलिस की सख्ती के बाद इलाके में शांति व्यवस्था बहाल कर दी गई है। हादसे में शामिल कार चालक और उसका साथी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। रविवार को मृत बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया गया और कड़ी सुरक्षा के बीच उसका अंतिम संस्कार किया गया। बच्चे के घर पर पूरे दिन मातम पसरा रहा।
अब जानिये पूरा मामला
मढ़ैया मोहल्ले के रहने वाले रूपेश कुमार प्राइवेट जॉब करते हैं। उनके दो बेटे हैं। बड़े बेटे की उम्र करीब साढ़े 4 साल है। वहीं दूसरा बेटा 2 साल का यश था। यश अपने घर के बाहर खेल रहा था। तभी एक तेज रफ्तार अर्टिगा उसको रौंदते हुए निकल गई। गाड़ी में 3 लोग सवार थे। घटना के बाद परिजन बच्चे को हाथरस के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां से उसे बागला अस्पताल रेफर किया गया, फिर अलीगढ़ भेजा गया। अलीगढ़ पहुंचने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक छा गया। बड़ी संख्या में परिजन मुरसान कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। परिजनों ने मुरसान कोतवाली के सामने मथुरा-बरेली मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस वालों ने किसी तरह समझाकर रोड से हटाया। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा। इसी बात को लेकर पहले पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक हुई, जिसके बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। मुरसान थाने के सामने ही रेलवे ट्रैक है। आक्रोशित लोगों ने रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर पत्थर उठाए और थाने पर जबरदस्त पथराव शुरू कर दिया। जिससे थाने का बोर्ड टूट गया। अंदर खड़ी गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। करीब 15 मिनट तक पथराव हुआ। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने मुरसान थाने का दौरा कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

















