
हाथरस 09 फरवरी । थाना मुरसान पुलिस एवं एन्टी थैफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई में थाना मुरसान क्षेत्रान्तर्गत ग्राम कटैला में खेत पर एक महिला की हथौड़े से की गई सनसनीखेज हत्या की घटना का सफल अनावरण करते हुए घटना कारित करने वाले एक हत्याभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार दिनांक 8 फरवरी को वादी चित्तर सिंह पुत्र हरिप्रसाद सिंह निवासी ग्राम कटैला ने सूचना दी कि वह अपने खेत पर बनी कोठरी एवं मंदिर पर मौजूद था, तभी समय लगभग 01:30 बजे छुट्टन उर्फ छोटेलाल पुत्र ताराचन्द निवासी ग्राम भकरोई थाना मुरसान ने उसकी माँ के सिर पर हथौड़े से जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। घायल महिला को जिला अस्पताल हाथरस से अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई, जिसके बाद मुकदमे में सुसंगत धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में थाना मुरसान पुलिस एवं एन्टी थैफ्ट टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए अभियुक्त छुट्टन उर्फ छोटेलाल को ग्राम भकरोई से गिरफ्तार किया गया, जिसकी निशानदेही पर एक हथौड़ा (आलाकत्ल) बरामद हुआ है। अभियुक्त के विरुद्ध मु0अ0सं0 36/2026 धारा 109(1) बीएनएस थाना मुरसान जनपद हाथरस में अभियोग पंजीकृत है तथा गिरफ्तारी प्रभारी निरीक्षक वी.पी. गिरी एवं निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह प्रभारी एन्टी थैफ्ट मय टीम द्वारा की गई, जिनके द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

















