
हाथरस 09 फरवरी । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में जनपद में स्टूडेंट्स पुलिस एक्सपीरियंशल लर्निंग (SPEL) प्रोग्राम के तृतीय चरण का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बागला डिग्री कॉलेज एवं राजकीय विद्यालय कुरसण्डा से आए छात्र-छात्राओं के लिए माधव प्रेक्षा ग्रह में विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत फायर सर्विस टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को आग से बचाव, आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया तथा आग बुझाने के व्यावहारिक तरीकों का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही कानून, आपराधिक प्रक्रिया, कानून व्यवस्था एवं पुलिस प्रशासनिक कार्यों की जानकारी देकर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। इस दौरान निरीक्षक श्री मुकेश कुमार (प्रभारी SPEL), फायर सर्विस टीम के अधिकारी एवं दोनों शिक्षण संस्थानों से आए छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अनुभवात्मक सिखलाई (Experiential Learning) के अंतर्गत विद्यार्थियों को कानून एवं आपराधिक प्रक्रिया, आपराधिक अनुसंधान, फायर सुरक्षा, सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं नैतिक मूल्यों के महत्व से अवगत कराया गया।
इसके पश्चात प्रभारी SPEL निरीक्षक मुकेश बाबू द्वारा छात्र-छात्राओं को भारतीय न्याय संहिता (BNS) के संबंध में जानकारी दी गई। फायर सर्विस टीम ने आग बुझाने के विभिन्न तरीकों, फायर एक्सटिंग्यूशर के उपयोग तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों का लाइव प्रशिक्षण प्रदान किया। फायर सर्विस टीम द्वारा बताया गया कि आग से संबंधित प्रशिक्षण बच्चों के लिए अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं को सुरक्षित रख सकें। प्रशिक्षण के दौरान आग लगने के प्रमुख कारणों जैसे विद्युत उपकरणों का गलत उपयोग, खुले में आग जलाना एवं ज्वलनशील पदार्थों के दुरुपयोग के बारे में जानकारी दी गई तथा उनसे निपटने के उपाय समझाए गए। इस अवसर पर आग से सुरक्षा उपकरणों का भी प्रदर्शन किया गया।

















