
हाथरस 08 फरवरी । हाथरस नगर पालिका परिषद में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शिवकुमार भारद्वाज (53) की शुक्रवार सुबह हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह ड्यूटी पर आए थे और अचानक तबीयत बिगड़ने पर जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे, लेकिन गेट पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना से नगर पालिका कर्मचारियों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। नगला भुस निवासी शिवकुमार भारद्वाज नगर पालिका में परसेवक के पद पर कार्यरत थे। सहकर्मियों के अनुसार वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और उन्हें ब्लड प्रेशर की शिकायत थी। शनिवार को भी उन्हें घबराहट और सीने में दर्द की समस्या हुई थी, जिस पर सुबह करीब सात बजे वह इमरजेंसी पहुंचे थे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल में जांच कराने की सलाह दी थी, जिसके बाद वह घर लौट गए थे। शुक्रवार सुबह वह नियमित रूप से ड्यूटी पर पहुंचे। कार्यालय में सीढ़ियां चढ़ते समय उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। कुछ देर बैठने के बाद वह खुद एक साथी कर्मचारी के साथ पैदल जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे, लेकिन गेट पर पहुंचते ही वह गिर पड़े। चिकित्सकों ने ईसीजी व अन्य जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मामले में अस्पताल की एंबुलेंस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए। परिजनों ने शव वाहन की मांग की, लेकिन करीब 45 मिनट तक चालक नहीं पहुंचा। बाद में भेजी गई सरकारी एंबुलेंस भी खराब निकली और स्टार्ट नहीं हो सकी। मजबूरन परिजन निजी एंबुलेंस से शव को लेकर घर गए। इस संबंध में सीएमएस डॉ. सूर्यप्रकाश ने बताया कि एंबुलेंस चालक से स्पष्टीकरण मांगा गया है और वाहन की मरम्मत की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही नया शव वाहन भी अस्पताल को उपलब्ध कराया जाएगा।

















