Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 08 फरवरी । हाथरस जिले में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की स्थापना भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया में उलझकर तीन वर्षों से अटकी हुई है। सासनी स्थित बंद पड़ी पराग डेयरी की 6.675 हेक्टेयर भूमि दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड से चिकित्सा शिक्षा विभाग को हस्तांतरित की जानी है, लेकिन लगातार पत्राचार के बावजूद अब तक समाधान नहीं निकल सका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा और वर्ष 2021 में कैबिनेट से स्वीकृति मिलने के बावजूद यह महत्वाकांक्षी परियोजना कागजी प्रक्रिया में फंसी हुई है। लंबी खींचतान के बाद यह तय हुआ था कि भूमि वर्ष 1987 की दरों पर दी जाएगी। स्थानीय प्रशासन ने भूमि का मूल्यांकन कर मई 2023 में प्रस्ताव शासन को भेज दिया था, लेकिन अब तक कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ। भूमि हस्तांतरण में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने पांच फरवरी को चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण के महानिदेशक को पुनः रिमाइंडर भेजा है। इससे पहले भी दो बार शासन को पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन कोई ठोस जवाब नहीं मिला है। यदि भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी होती है तो मेडिकल कॉलेज के निर्माण का रास्ता साफ हो जाएगा। मेडिकल कॉलेज बनने से हाथरस जिले को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और गंभीर मरीजों को आगरा व अलीगढ़ रेफर करने की मजबूरी भी कम होगी। जिला प्रशासन को उम्मीद है कि शासन स्तर पर जल्द निर्णय होने से इस महत्वपूर्ण परियोजना को गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page