सादाबाद 07 फरवरी । कस्बे के सादाबाद इंटर कॉलेज में शनिवार को तहसील सादाबाद के माध्यमिक विद्यालयों के स्काउट-गाइड छात्र-छात्राओं के लिए पाँच दिवसीय तृतीय सोपान जाँच प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने बीपी 6 एवं ध्वज शिष्टाचार के साथ किया।
उद्घाटन के अवसर पर प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने स्काउट-गाइड आंदोलन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता विकसित करता है। प्रधानाचार्य ने इसे केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला बताया, जिससे छात्रों का सर्वांगीण विकास होता है। प्रशिक्षण शिविर के दौरान डी.टी.सी. विकास कुमार ने स्काउट एवं गाइड छात्र-छात्राओं को कई उपयोगी और व्यावहारिक जानकारी दी। इसमें रस्सी की विभिन्न प्रकार की गांठें, बंधन, फांस, सीटी के संकेत और खोज के चिन्ह शामिल थे। उन्होंने प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए अभ्यास भी कराया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गाइड प्रशिक्षिका रेखा देवी ने स्काउट-गाइड आंदोलन के इतिहास, इसके संस्थापक लॉर्ड बैडेन पावेल, उद्देश्यों और समाज में इसकी भूमिका पर विस्तार से बताया। उन्होंने छात्रों को अनुशासन, सेवा और सहयोग के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के स्काउट प्रभारी राजेश कुमार, मु. इमरान, मेवाराम, धर्मवीर सिंह, संजय पाल सिंह, शिखा शर्मा, निकेश कुमार तिवारी, प्रदीप कुमार, कपिल गुप्ता, मु. अख़लाक और मु. आरिफ सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे। शिविर में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया और प्रशिक्षण का लाभ उठाया।

















