सादाबाद 07 फरवरी । आगरा बाईपास पर जेपी प्लाजा के पास मुख्य बाजार को जाने वाला मार्ग अवरुद्ध हो गया है। हाईवे के नाले पर रखे आरसीसी पत्थर टूटकर नाले में गिर गए हैं, जिससे आवागमन बाधित है। यह स्थिति पिछले कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन अब तक हाईवे कर्मियों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
यह मार्ग बाजार से सीधे हाईवे पर निकलने का सबसे छोटा और सुविधाजनक रास्ता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसका उपयोग करते हैं। मार्ग बंद होने से दोपहिया वाहन चालकों को लंबा चक्कर लगाकर अन्य रास्तों से जाना पड़ रहा है, जिससे समय और परेशानी दोनों बढ़ गई हैं। पैदल यात्रियों को भी असुविधा हो रही है। स्थानीय निवासियों ने दुर्घटना की आशंका भी जताई है, क्योंकि हाईवे से गुजरने वाले वाहन भी इसी क्षेत्र से निकलते हैं। रामबाबू गौतम, ऋषि पचौरी और कामेश अग्रवाल सहित स्थानीय लोगों ने ब्रजभूमि एक्सप्रेसवे के अधिकारियों से तत्काल गिरे हुए पत्थरों को हटवाकर नए पत्थर लगवाने की मांग की है, ताकि आवागमन सामान्य हो सके। इस संबंध में ब्रजभूमि एक्सप्रेसवे के ओ एंड एम मैनेजर अमित चौहान ने बताया कि उन्हें इस समस्या की जानकारी नहीं थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही एक टीम भेजकर मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे लोगों को हो रही परेशानी दूर की जा सके।

















