
हाथरस/सादाबाद 07 फरवरी । सैनिक हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से दो अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई ईको कार बरामद की है। शेष फरार आरोपियों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई के लिए न्यायालय में आवेदन किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 5 फरवरी को ग्राम समदपुर निवासी भारतीय सेना के जवान अखिलेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अखिलेश हाथरस न्यायालय से तारीख पर लौटकर अपने मित्र की कार से आगरा जा रहे थे। चन्द्रा फार्म हाउस के पास ईको कार और बाइक सवार बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की पांच टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने लगभग 290 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। उन्हें कुरसंडा मोड़ के पास गोरी गोपाल ढाबा से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बॉबी उर्फ विशाल पुत्र रमेश चंद्र।और राजा उर्फ राहुल पुत्र राजेश के रूप में हुई है। ये दोनों ग्राम समदपुर, थाना सादाबाद के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि मृतक अखिलेश ने उनकी बुआ की बेटी से प्रेम विवाह किया था। इससे परिवार की बदनामी हो रही थी, जिसके चलते उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई ईको कार बरामद की है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विवेचक ने फरार अभियुक्तों की संपत्ति कुर्क कराने के लिए माननीय न्यायालय में आवेदन किया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

















