सासनी 07 फरवरी । तहसील समाधान दिवस के उपरान्त जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ कोतवाली सासनी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोतवाली परिसर में स्थापित मिशन शक्ति केन्द्र, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, निरीक्षक अपराध शाखा, जी.डी. कार्यालय एवं सी.सी.टी.एन.एस. कक्ष का क्रमवार अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वहां की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण, शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया तथा तकनीकी संसाधनों के उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आगामी महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत कोतवाली परिसर में प्रबुद्धजनों एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित की। बैठक में पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, आस्था और भाईचारे का प्रतीक है। इसे सभी के सहयोग से शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाना चाहिए। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से आपसी समन्वय बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को देने की अपील की। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि त्योहार के दौरान जनपद में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाएगी। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, निरंतर पैदल एवं वाहन गश्त, सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी, यातायात एवं भीड़ नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में उपस्थित प्रबुद्धजनों एवं संभ्रांत नागरिकों ने प्रशासन एवं पुलिस को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सासनी, प्रभारी निरीक्षक सासनी, सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

















