
हाथरस 07 फरवरी । सादाबाद–हाथरस मार्ग पर आज एक सड़क हादसे में चिकित्सक दंपति गंभीर रूप से घायल हो गया। आगरा से लौट रही उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घायलों की पहचान हाथरस कोतवाली के सामने स्थित बंसल हॉस्पिटल के संचालक डॉ. अजय बंसल और उनकी पत्नी अनिता बंसल के रूप में हुई है। बताया गया है कि दोनों आगरा में एक शादी समारोह में शामिल होकर आई-10 कार से हाथरस लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, जब कार पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विनोद उपाध्याय के आवास के सामने पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दंपति को गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को कार से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

















