Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 07 फरवरी । जिले में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत शत-प्रतिशत पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ दिलाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। विभाग ने अगले दो दिनों में जिले के शेष करीब 20 हजार परिवारों की स्क्रीनिंग करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

आयुष्मान योजना के अंतर्गत जिले में कुल 1.33 लाख परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हैं, जिनमें से अधिकांश परिवारों को योजना के दायरे में लाया जा चुका है। शेष बचे परिवारों को कवर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष रोडमैप तैयार किया है। इस रोडमैप के तहत आशा कार्यकर्ता, एएनएम और पंचायत सहायकों की टीमें घर-घर जाकर सर्वे करेंगी। अभियान का उद्देश्य उन पात्र परिवारों की पहचान करना है, जिनका आयुष्मान कार्ड अब तक नहीं बन पाया है। दो दिवसीय सघन अभियान के दौरान छूटे हुए परिवारों का डेटा पोर्टल पर अपडेट किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजीव रॉय ने सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे स्वयं निगरानी करते हुए फील्ड में टीमों से कार्य कराएं और पात्र परिवारों की स्क्रीनिंग सुनिश्चित करें। स्क्रीनिंग के बाद तुरंत आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिससे रैंकिंग में आई गिरावट को सुधारा जा सके। विभाग का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र परिवार योजना से वंचित न रहे। शेष 20 हजार परिवारों की स्क्रीनिंग के लिए रणनीतिक योजना तैयार की गई है, जिसे अगले 48 घंटों में लागू किया जाएगा। इसके लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष शिविर भी लगाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page