
हाथरस 05 फरवरी । सादाबाद के गढ़ी ख्याली गांव में बुधवार देर शाम खेतों में घूम रहे राष्ट्रीय पक्षी मोर पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में मोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने कुत्तों को भगाया और घायल मोर को सुरक्षित गांव ले आए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर मोर का प्राथमिक उपचार करने का प्रयास किया और तत्काल वन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल मोर को अपने कब्जे में ले लिया। वन कर्मियों ने बताया कि मोर का प्राथमिक उपचार कराया गया है और उसे विभाग की निगरानी में रखा गया है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मोर की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाएगा। ग्रामीणों ने वन विभाग की त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना की है।













