
हाथरस 05 फरवरी । आगामी शिवरात्रि के पावन पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बिजली विभाग द्वारा विद्युत सुरक्षा को लेकर व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस क्रम में बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता संदीप कुमार, लालबहादुर, अभिनव तिवारी एवं अमित कुमार द्वारा जिले के विभिन्न देवालयों और कांवड़ यात्रा मार्गों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अलीगढ़ रोड, मथुरा रोड, सिकन्दराराऊ एवं आगरा रोड पर लगे विद्युत पोलों पर प्लास्टिक कवर लगवाए गए तथा सभी पोलों में करंट की जांच कराई गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना से सुरक्षित रखा जा सके। अधिशासी अभियंता द्वारा मौके पर उपस्थित कर्मचारियों को विद्युत सुरक्षा के संबंध में कड़े निर्देश दिए गए और त्योहार के दौरान सतर्क रहने को कहा गया। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि संवेदनशील स्थलों पर नियमित निगरानी रखी जाए और किसी भी तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। बिजली विभाग की इस पहल से शिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

















