
हाथरस 05 फरवरी । स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित स्कूल आधारित मीजिल्स–रूबैला (एमआर) अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी द्वारा संबंधित सहयोगी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। यह अभियान 16 फरवरी 2026 से जनपद में संचालित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एवं जिला सूचना अधिकारी को पत्र जारी कर अभियान में सक्रिय सहयोग के निर्देश दिए हैं। पत्र के माध्यम से स्कूलों में शिक्षकों एवं अभिभावक/माता-पिता के साथ बैठकें आयोजित करने, सत्र पर नामांकित बच्चों के सापेक्ष शत-प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने, टीकाकरण टीम को उचित स्थान उपलब्ध कराने तथा स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, पोस्टर प्रतियोगिता, रैली एवं प्रभात फेरी आयोजित कर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही अल्पसंख्यक बुद्धिजीवियों, इमामों एवं समाज के संभ्रांत नागरिकों का सहयोग प्राप्त करने हेतु भी पत्र निर्गत किया गया है, ताकि एमआर अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिल सके और जनपद के सभी बच्चों को मीजिल्स–रूबैला वैक्सीन से आच्छादित किया जा सके। इसी क्रम में आज अपराह्न 1 बजे मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में हाथरस नगरीय क्षेत्र के समस्त सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधान अध्यापकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा की गई। बैठक में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एम.आई. आलम ने उपस्थित प्रधान अध्यापकों को मीजिल्स–रूबैला अभियान की विस्तृत जानकारी दी तथा उनसे आग्रह किया कि वे विद्यालय स्तर पर अभिभावकों के साथ बैठकें कर शत-प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित कराएं, जिससे कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। साथ ही टीकाकरण दिवस के अवसर पर सत्र संचालन हेतु कुर्सी, मेज एवं टीकाकरण पश्चात बच्चों के लिए रेस्ट रूम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

















