
हाथरस 04 फरवरी । पुलिस प्रशिक्षण संस्थान में ट्रेनिंग कर रही रिक्रूट महिला आरक्षी पर एक युवक शादी का दबाव बना रहा है। उसकी दूसरी जगह शादी तय होने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। आरोपित उसे लगातार फोन और फोन पर मैसेज कर परेशान कर रहा है। युवती की ससुराल वालों को फोन कर रिश्ता तोड़ने की धमकी दे रहा है। इससे ट्रेनिंग कर रही प्रशिक्षु रिक्रूट परेशान है। युवती के पिता ने मामले में कोतवाली हाथरस गेट में शिकायत कर आरोपित के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया है।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के एक कोलानी निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी बेटी पुलिस प्रशिक्षण संस्थान में आरक्षी की ट्रेनिंग कर रही है। हाथरस के लाला के नगला लक्ष्मी नगर निवासी ताबिश राना उसके कालेज में पढ़ता है। बेटी उसे तीन साल से दोस्त के तौर पर जानती है। बेटी की पुलिस में नौकरी लगने के बाद से ताबिस राना उसे लगातार फोन और मैसेज कर परेशान कर रहा है। बेटी ने उसका नंबर भी ब्लाक कर दिया, लेकिन वह नए-नए नंबरों से काल और मैसेज कर दबाव बना रहा है। ताबिस राना कथित तौर पर बेटी पर बात करने और शादी करने का दबाव बना रहा है। उसने धमकी दी है कि अगर बेटी उससे शादी नहीं करती है, तो वह उसे और परिवार के सभी सदस्यों को जान से मार देगा। आरोपित पर बेटी के बारे में अफवाहें फैलाने, लोगों से फोन करवाकर अपमानित करने और उसकी तस्वीरों पर अपशब्द लिखकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दे रहा है। जब बेटी ने ताबिस को अपनी सगाई के बारे में बताया, तो उसने ससुराल वालों को गलत जानकारी देकर रिश्ता तोड़ने की धमकी दी। इन हरकतों के कारण बेटी मानसिक रूप से परेशान है और अपनी ट्रेनिंग भी ठीक से नहीं कर पा रही है। 11 जनवरी को ताबिश घर आया। उसने कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और धमकी दी।













