नई दिल्ली 03 फरवरी। भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से जिस ट्रेड डील का इंतजार था, सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने उसकी घोषणा कर दी। ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ने भारत पर टैरिफ 50% से घटाकर 18% कर दिया है। ट्रम्प ने अप्रैल में 25% रेसिप्रोकल टैरिफ (जैसे को तैसा) लगाया था और रूस से तेल खरीदने के कारण अगस्त में 25% पेनल्टी का ऐलान किया था। इससे भारत पर कुल टैरिफ 50% हो गया था। अब व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि भारत पर सिर्फ टैरिफ 18% ही लगेगा। अमेरिका रूसी तेल खरीदने के कारण लगा 25% टैरिफ हटा देगा। ट्रम्प ने सोमवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की। इसके बाद रात करीब 10:30 बजे ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर ट्रेड डील की घोषणा की। ट्रम्प ने दावा किया कि मोदी रूस से तेल की खरीद बंद करने और अमेरिका से ज्यादा तेल खरीदने पर राजी हो गए हैं। ट्रम्प के मुताबिक, जरूरत पड़ी तो भारत वेनेजुएला से तेल लेगा। भारत ‘बाय अमेरिकन’ नीति के तहत अमेरिका से 46 लाख करोड़ रुपए (500 अरब डॉलर) से अधिक का सामान खरीदेगा। वहीं, ट्रम्प के एलान के बाद पीएम ने X पर लिखा- भारत के 1.4 अरब लोगों की तरफ से राष्ट्रपति ट्रम्प का शुक्रिया।
मोदी ने भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रम्प को बोला धन्यवाद
PM मोदी ने लिखा- मुझे राष्ट्रपति ट्रम्प से बात करके बहुत खुशी हुई। यह जानकर बेहद संतोष है कि अब मेड इन इंडिया उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18% कर दिया गया है। इस शानदार फैसले के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रम्प का दिल से धन्यवाद। मोदी ने आगे लिखा- जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एकसाथ मिलकर काम करते हैं, तो इससे हमारे लोगों को लाभ होता है और आपसी सहयोग के नए और बड़े मौके खुलते हैं। मैं उनके साथ मिलकर काम करने और हमारी पार्टनरशिप को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उत्सुक हूं। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील होने की पुष्टि की। उन्होंने कहा- कुछ तकनीकी कागजों पर अगले कुछ दिनों में दस्तखत होंगे, लेकिन डील लगभग तय है। गोर ने कहा- यह टैरिफ समझौता प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रम्प के बीच कई सालों से चली आ रही मजबूत दोस्ती का नतीजा है। यह टैरिफ दूसरे देशों की तुलना में बहुत कम है। पहले भारत पर काफी ज्यादा टैरिफ लगता था, लेकिन अब भारत उन देशों में आ गया है जिन पर कम टैरिफ है। राजदूत गोर के मुताबिक, ट्रम्प और मोदी की दोस्ती इस डील को पूरा करने में सबसे बड़ी वजह बनी। गोर ने कहा कि अमेरिका और भारत के रिश्तों में बहुत बड़ी संभावनाएं हैं। इस व्यापार समझौते के बाद दोनों देशों के रिश्तों का अगला दौर शुरू होगा।
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील के ऐलान से भारतीय शेयर बाजारों में मंगलवार 3 फरवरी को बंपर तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 2,500 अंक से ज्यादा उछल गया। वहीं निफ्टी एक बार फिर बढ़कर 25,850 के पार पहुंच गया। यह सेंसेक्स और निफ्टी में पिछले 5 सालों में आई सबसे बड़ी तेजी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर टैरिफ घटाने के ऐलान से निवेशकों में जबरदस्त जोश देखने को मिला। बाजार खुलते ही चौतरफा खरीदारी की होड़ दिखी। सभी 16 प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। बैंकिंग, मेटल, इंफ्रास्ट्रक्चर, कैपिटल गुड्स और फाइनेंशियल शेयरों में खासतौर पर मजबूत खरीदारी दिखी। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी करीब 3.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए।
शेयर बाजारों में बंपर तेजी

डॉलर के मुकाबले 119 पैसे मजबूत हुआ रुपया
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के तहत टैरिफ घटकर 18 फीसदी होने के बाद मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपये में तेज मजबूती देखने को मिली। रुपया 119 पैसे चढ़कर डॉलर के मुकाबले 90.30 पर खुला। इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में यह पिछले बंद 91.49 से बड़ी बढ़त मानी जा रही है।