
हाथरस 02 फरवरी । जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में आज दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब अलीगढ़ से आई एंटी करप्शन टीम ने महिला क्लर्क को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिला क्लर्क का नाम बबीता चौहान बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, बबीता चौहान पर आरोप है कि वह प्रशिक्षु प्रशांत परमार से हाथरस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर इंटर्नशिप अलॉटमेंट के पर रिश्वत की मांग कर रही थी। पीड़ित प्रशिक्षु का कहना है कि बीते करीब 15 दिनों से क्लर्क उसे लगातार परेशान कर रही थी और बिना रुपये दिए इंटर्नशिप अलॉटमेंट न करने की धमकी दे रही थी। लगातार उत्पीड़न से तंग आकर प्रशांत परमार ने अलीगढ़ एंटी करप्शन टीम से संपर्क कर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने जाल बिछाया और सोमवार को सीएमओ कार्यालय परिसर में ही महिला क्लर्क को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान सीएमओ कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एंटी करप्शन टीम आरोपी महिला क्लर्क को पहले महिला थाना ले गई, जहां आवश्यक कार्रवाई की गई। इसके बाद उसे कोतवाली हाथरस गेट ले जाया गया। टीम द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग नाम में भी हड़कंप मचा हुआ है और पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।


























