
हाथरस 29 जनवरी । हाथरस में आज अक्रूर इंटर कॉलेज में निर्माण कार्य के दौरान एक हादसा हो गया। वहां पर इस समय निर्माण कार्य चल रहा है। आज लेंटर डालते समय पांच मजदूर मलबे में दब गए, जिससे वे घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों और अन्य मजदूरों की मदद से सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया। घायल मजदूरों में से तीन, राहुल (निवासी नगला इमलिया, थाना हाथरस जंक्शन), भारत सिंह और योगेंद्र (दोनों निवासी अमरपुर घना, थाना हाथरस गेट), को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलने पर घायल मजदूरों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल तीनों मजदूरों को हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।














