
हाथरस 27 जनवरी । रोडवेज के हाथरस डिपो से नोएडा के बीच यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो और बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। इन दोनों नई बसों के संचालन में लगभग 45 मिनट का अंतर रखा गया है, जिससे यात्रियों को अब बेहतर विकल्प मिलेंगे और भीड़भाड़ की समस्या कम होगी। हाथरस डिपो ने नोएडा डिपो से बसों को खड़ा करने की समय-सारिणी लेकर नियमित संचालन शुरू किया है। दोनों नई बसें प्रतिदिन दोपहर 2 बजे और 2:45 बजे हाथरस से नोएडा के लिए रवाना होंगी। हाथरस से राया यमुना एक्सप्रेसवे नोएडा मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोग, छात्र, व्यापारी और अन्य यात्री सफर करते हैं। पहले सीमित बस सेवाओं के कारण यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ता था या भीड़भाड़ वाली बसों में यात्रा करनी पड़ती थी। डिपो प्रभारी मंगेश कुमार ने बताया कि आने वाले समय में रोडवेज अन्य महत्वपूर्ण मार्गों पर भी बसों की संख्या बढ़ा सकता है, जिससे हाथरस से विभिन्न शहरों के लिए परिवहन सुविधाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।

















