
हाथरस 26 जनवरी । पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही जबरदस्त बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी साफ दिखाई देने लगा है। बर्फीली हवाओं के चलते हाथरस जिले में ठंड ने अचानक अपना तेवर दिखा दिया है। पिछले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। जहां दो दिन पहले न्यूनतम तापमान 11 डिग्री था, वहीं अब यह गिरकर पांच डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जिससे ठंड का प्रकोप काफी बढ़ गया है। ठिठुरन बढ़ने के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के चलते चल रही ठंडी हवाएं बेहद सर्द हैं, जिनकी रफ्तार लगभग 12 किलोमीटर प्रति घंटे बताई जा रही है। इन बर्फीली हवाओं से लोगों को कंपकंपी का सामना करना पड़ रहा है और लोग घरों से बाहर निकलने में भी हिचकिचा रहे हैं। रविवार दोपहर कुछ समय के लिए धूप निकलने से अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक जरूर पहुंचा, लेकिन ठंडी हवाओं ने गर्माहट का असर बेअसर कर दिया। खुले स्थानों और ग्रामीण इलाकों में ठंड का असर और अधिक महसूस किया जा रहा है। ठंड बढ़ने के साथ ही बाजारों में गर्म कपड़ों, कंबलों और हीटरों की मांग में तेजी आ गई है। सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और मजदूर वर्ग को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई इलाकों में लोग ठंड से बचाव के लिए अलाव का सहारा लेते नजर आ रहे हैं। कृषि वैज्ञानिक डॉ. बलवीर सिंह ने बताया कि आगामी कुछ दिनों तक ठंड का यह असर बना रह सकता है और लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

















