Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 जनवरी । 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर पुलिस लाइन हाथरस में भव्य परेड एवं समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके पश्चात सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया गया। समारोह के दौरान राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। पीएसी बैंड की मधुर धुनों के बीच सशस्त्र पुलिस, बज्र वाहन, मोटरसाइकिल दल, यातायात पुलिस, महिला पुलिस, पीएसी, एनसीसी, स्काउट, पुलिस रेडियो शाखा एवं फायर ब्रिगेड के अनुशासित कदमताल ने परेड को आकर्षक एवं गौरवपूर्ण बना दिया। इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जवानों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और बंधुता को सुदृढ़ करने की शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि द्वारा परेड कमांडरों से परिचय भी प्राप्त किया गया। अपने संबोधन में राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने परेड में सम्मिलित जवानों एवं रंगोली निर्माण करने वाली टीम की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए रंगोली का अवलोकन किया तथा जनप्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों के साथ सामूहिक फोटो भी खिंचवाया।

राज्य मंत्री ने “वंदे मातरम्” के रचयिता बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय को स्मरण करते हुए कहा कि यह रचना राष्ट्र की आत्मा की पुकार है। उन्होंने कहा कि भारत आज आत्मनिर्भर बनते हुए निरंतर सशक्त हो रहा है। चंद्रयान मिशन के माध्यम से भारत ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर तिरंगा फहराकर विश्व में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। हमारी थल सेना, जल सेना और वायु सेना विश्व की सर्वश्रेष्ठ सेनाओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं से युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं। गणतंत्र दिवस पर जनभागीदारी का नया अध्याय जुड़ा है, जिसमें लखपति दीदी, पंचायत प्रतिनिधि, कारीगर, वैज्ञानिक और स्टार्टअप फाउंडर देश के गौरव बने हैं। उन्होंने आह्वान किया कि संविधान के मूल्यों न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को जीवन में उतारते हुए जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को अपनाएं। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, नवाचार, ईमानदारी और परिश्रम के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लें। अंत में मंत्री ने देश की सुरक्षा में तैनात थल सेना, जल सेना, वायु सेना, बीएसएफ, पुलिस बल सहित सभी जवानों एवं उनके परिवारों के त्याग को नमन करते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत दून पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने गणेश वंदना, सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने “योद्धा मैं बन गई” तथा अस्मिता यादव की टीम ने “आरंभ है प्रचंड है” गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। परेड के समापन के पश्चात जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। मंच पर उपस्थित सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को भी स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। वहीं मुख्य अतिथि द्वारा जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंद्राराऊ वीरेन्द्र सिंह राणा, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार, जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव आर्य, जिला अध्यक्ष श्याम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस बल एवं उनके परिजन तथा प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।

 

वहीं पुलिस लाइन में विभिन्न पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक धर्मपाल सिंह और निरीक्षक केशवदत्त शर्मा को राष्ट्रपति का पुलिस पदक प्रदान किया गया। गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा उपनिरीक्षक बंगाली बाबू को अति उत्कृष्ट सेवा पदक तथा मुख्य आरक्षी अमित यादव को उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा उपनिरीक्षक अनिल कुमार को उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह और मुख्य आरक्षी रामसेवक को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया गया, जबकि आरक्षी हितेश कुमार शर्मा एवं आरक्षी अरुण कुमार को प्रशंसा चिन्ह (सिल्वर मैडल) दिया गया। इसके अलावा उपनिरीक्षक धीरज कुमार (प्रभारी एसओजी) को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश द्वारा क्षेत्राधिकारी सिकन्दराराऊ जयनेन्द्र नाथ अस्थाना को महाकुम्भ सेवा मेडल से सम्मानित किया गया।

परेड कमाण्डरों में प्रथम कमाण्डर हिमांशु माथुर, द्वितीय कमाण्डर राजकुमार सिंह और तृतीय कमाण्डर सुशील कुमार को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। परेड में सम्मिलित प्लाटून कमाण्डरों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया, जिसमें उपनिरीक्षक नीलेश यादव, उपनिरीक्षक प्र0 अतुल कुमार, उपनिरीक्षक प्र0 अजयराज सिंह, उपनिरीक्षक महावीर सिंह, प्लाटून कमाण्डर रतनलाल, महिला उपनिरीक्षक शिवानी चौधरी, NCC कैडेट ऋषभ गौतम और सीनियर अण्डर ऑफिसर रश्मि शामिल रहे। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा डायल-112 परियोजना के तहत कमाण्डर रूपेश कुमार, सव कमाण्डर नीलेश कुमार, चालक मनोज कुमार, कमाण्डर अमन यादव, सव-कमाण्डर अभिनाश, चालक भीम सिंह, कमाण्डर जितेन्द्र उपाध्याय, सब कमाण्डर देवी चरन सिंह, चालक पवन चौधरी और आरक्षी गणेश दत्त को रिस्पांस टाइम के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। अंत में पुलिस अधीक्षक हाथरस ने ऑल इंडिया पुलिस सीनियर नेशनल गेम्स योगा टीम की खिलाड़ी मुख्य आरक्षी शगूफा तौहीद को सम्मानित किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page