
हाथरस 07 जनवरी । मानव कल्याण सामाजिक संस्था ने एक बेसहारा वृद्धा को सुरक्षित आश्रय दिलाए जाने के उद्देश्य से एसडीएम सदर से मांग की है कि चिंताहरण रोड पर रहने वाली वृद्धा को वृद्धा आश्रम में पहुंचाने की व्यवस्था कराई जाए। संस्था द्वारा लगातार प्रयास किए जाने के बावजूद वृद्धा फिलहाल कहीं भी जाने के लिए तैयार नहीं हो रही है। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि जब वे रात्रि के समय शहर में गरीब और असहाय लोगों को कंबल ओढ़ाकर सहयोग कर रहे थे, तभी चिंताहरण रोड स्थित मित्तल टायर की दुकान के बाहर चबूतरे पर एक वृद्धा खुले में सोती हुई मिली। संस्था के सदस्यों ने तुरंत वृद्धा को कंबल ओढ़ाया और इसके बाद शहर के अन्य क्षेत्रों में भी भ्रमण कर ठंड से परेशान जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए।
इस सेवा कार्य में मानव कल्याण सामाजिक संस्था के संस्थापक राजीव वार्ष्णेय, जिला अध्यक्ष नारायण लाल, जिला महामंत्री कन्हैया वार्ष्णेय, जिला कोषाध्यक्ष लोकेश अग्रवाल, जिला परिषद उपाध्यक्ष राजेंद्र वार्ष्णेय, नगर अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, नगर महामंत्री कृष्ण गोपाल, नगर कोषाध्यक्ष पुनीत पोद्दार, संयुक्त उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष गौरव पचोरी, डॉक्टर पी.पी. सिंह सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे। मानव कल्याण सामाजिक संस्था ने प्रशासन से पुनः अनुरोध किया है कि चिंताहरण रोड पर मित्तल टायर के बाहर रात्रि में सोने वाली उक्त वृद्धा के लिए वृद्धा आश्रम में उचित व्यवस्था कराई जाए, जिससे उसे सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन मिल सके।




















