पैट्रोल पम्प खुलवाने का झांसा देकर ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, डीलरशिप का झांसा देकर ठगे 32 लाख

हाथरस 30 दिसंबर । थाना साइबर क्राइम हाथरस पुलिस टीम ने पैट्रोल पम्प खुलवाने का झांसा देकर ठगी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता अनिल कुमार निवासी ग्राम कुरसंडा ने पुलिस को जानकारी दी कि उसने ऑनलाइन साइट PETROLPIMP-KSK.COM पर पैट्रोल पम्प की डीलरशिप के लिए आवेदन किया, जिसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग तारीखों में 32 लाख 45 हजार रुपए किश्तों में अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। जब वादी ने मथुरा रिफाइनरी जाकर जानकारी ली, तो पता चला कि यह पूरी साइट फर्जी थी। जांच के दौरान पुलिस ने वेबसाइट बनाने वाली अमेरिका बेस्ड कंपनी GoDaddy.com से जानकारी प्राप्त की और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन से भी फर्जी साइट की सत्यता जाँची। जांच में पता चला कि इस साइबर ठगी रैकेट में मुख्य अभियुक्त छोटे राजा परिहार (ग्राम गागौनी, शिवपुरी, मध्य प्रदेश) और अन्य साथी शामिल थे। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के आदेशानुसार अभियान चलाकर 26 दिसंबर 2025 को छोटे राजा परिहार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
इसी क्रम में आज थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम ने देवराज पुत्र मनोज निवासी न्यू अशोक कालोनी, मुराद, थाना ठाठीपुर, ग्वालियर (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में देवराज ने अपने जुर्म का इकबाल करते हुए बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी जीमेल आईडी के माध्यम से GoDaddy पर HTTPS://PETROLPIMP-KSK.COM वेबसाइट बनाई और भारत पेट्रोलियम के नाम पर फर्जी पैट्रोल पम्प की विज्ञप्ति निकाली। उसने वादी से फाइल चार्ज व डीलरशिप दिलाने के नाम पर रुपये ठगने की पूरी योजना बताई। गिरफ्तार अभियुक्त देवराज के खिलाफ मु0अ0स0 21/2025 के तहत धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) बीएनएस व 66डी आईटी एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। थाना साइबर क्राइम के निरीक्षक आशीष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भी जांच जारी है।













