
हाथरस 22 दिसंबर । जन-जन के नेता, सरल व्यक्तित्व और गरीबों के सच्चे हितैषी रहे पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय की 69वीं जयंती उनके परिजनों द्वारा जनसेवार्थ दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर लेबर कॉलोनी पार्क में विशाल सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें असहाय, गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को भोजन एवं कंबल वितरण कर समाजसेवा की मिसाल पेश की गई। कार्यक्रम का आयोजन रामवीर उपाध्याय की धर्मपत्नी सीमा रामवीर उपाध्याय, छोटे भाई रामेश्वर उपाध्याय, पुत्र चिराग उपाध्याय एवं पुत्रवधू निधि सारस्वत के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में पहुँचे जरूरतमंद लोगों को सम्मानपूर्वक सेवा प्रदान की गई। रामवीर उपाध्याय अपने राजनीतिक जीवन में सदैव गरीब, किसान, मजदूर और पिछड़े वर्गों की आवाज बने रहे। मंत्री रहते हुए उन्होंने क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उनकी पहचान एक ऐसे जननेता के रूप में रही, जो हर समय जनता के सुख-दुख में खड़ा रहता था। सेवा कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों ने कहा कि स्व० रामवीर उपाध्याय का जीवन सेवा, संघर्ष और सामाजिक समर्पण की मिसाल है। आज भी उनके विचार और कार्य जनमानस को प्रेरणा देते हैं। उनकी जयंती को जनसेवा दिवस के रूप में मनाना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी ने स्व० रामवीर उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।











