Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 08 दिसम्बर । झण्डा दिवस के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कमाण्डर रघुवीर सिंह की अगुवाई में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी अतुल वत्स सहित जनपद के अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रतीकात्मक झण्डे लगाकर अंशदान एकत्र किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने स्मारिका पुस्तक का विमोचन किया और उपस्थित अधिकारियों को स्वयं प्रतीकात्मक झण्डे लगाए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि झण्डा दिवस भारतीय सशस्त्र बलों के जवानों के कल्याण के लिए समर्पित एक महत्वपूर्ण दिवस है। इस दिन जनसामान्य द्वारा दिया गया आर्थिक योगदान शहीद सैनिकों के आश्रितों और भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण पर खर्च किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह दिन उन वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर है, जिन्होंने देश की रक्षा में अपने प्राण न्यौछावर किए। डीएम ने भारतीय सेना द्वारा प्राकृतिक आपदाओं जैसे बाढ़, भूकंप और अन्य संकटों के समय किए गए राहत एवं बचाव कार्यों की भी सराहना की और कहा कि हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह सैनिक कल्याण कोष में अपनी क्षमता अनुसार योगदान दे। उन्होंने जनपद के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस पुनीत अवसर पर बढ़-चढ़कर अंशदान देकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। इस अवसर पर कमाण्डर रघुवीर सिंह ने कहा कि देश के बहादुर जवान सीमाओं की रक्षा के लिए हर समय तत्पर रहते हैं और आवश्यकता पड़ने पर देश की आन-बान-शान के लिए अपने प्राणों की आहुति देने से भी पीछे नहीं हटते। उन्होंने बताया कि शांति काल में भी बाढ़, भूकंप जैसी आपदाओं में सैनिकों का योगदान अतुलनीय रहा है। प्रतिवर्ष झण्डा दिवस पर राष्ट्र अपने वीर सैनिकों की सेवाओं को स्मरण कर उनके परिवारों के कल्याण हेतु अंशदान देता है। कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट सहित अन्य विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रतीकात्मक झण्डे लगाकर अंशदान प्राप्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page