
सासनी 21 नवंबर । विकासखंड क्षेत्र के ग्राम तिलौठी स्थित ग्राम पंचायत सचिवालय में मानसिक मंदबुद्धि दिव्यांग सशक्तिकरण सेवा संस्थान, नई बस्ती रामपुर हाथरस जंक्शन के तत्वावधान में एक सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों तथा निर्धन व असहाय लोगों को आवश्यक सामग्री और अंग वस्त्र वितरित किए गए। वितरण कार्यक्रम संस्था अध्यक्ष योगेश कुमार यादव के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति, उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के सदस्य राम गोपाल दीक्षित ने अपने कर-कमलों से सामग्री वितरण कर सेवा कार्य को आगे बढ़ाया। संस्था पदाधिकारियों ने 20 दिव्यांगजनों को दरी, चादर, चप्पल और तकिये प्रदान किए। वहीं सांस्कृतिक परिधानों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुजुर्गों को धोती-कुर्ता भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों और दिव्यांगजनों को स्वल्पाहार भी कराया गया। इस सेवा कार्य में संस्था पदाधिकारी एवं कर्मचारी—इंद्रजीत कुशवाहा, प्रधानपति प्रेम कुमार शर्मा, कृष्ण कुमार शर्मा, शशि माहेश्वरी, संतोष तोमर, गीता शर्मा, ज्ञानेंद्र कुमार, राकेश तोमर, अमित कुमार, टेकचंद और कामेश कुमार—का विशेष सहयोग रहा।











