
हाथरस 07 नवम्बर । विगत दिनों हाथरस-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर समामई के निकट रोडवेज बस और टैंकर की आमने-सामने हुई भिड़ंत में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना का संज्ञान लेते हुए शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री व जनपद की प्रभारी मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य जिला अस्पताल पहुंचीं और उपचाराधीन घायलों का हाल जाना। इस दौरान उनके साथ जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, जिलाधिकारी श्री अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा भी मौजूद रहे। मंत्री ने वार्ड में भर्ती घायलों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए उन्हें फलों की डलिया भेंट की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि दुर्घटना में घायल कुल 16 मरीजों को जिला अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 07 व्यक्तियों को अलीगढ़ और 01 व्यक्ति को आगरा रेफर किया गया। वहीं 06 मरीजों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया है और दो घायलों का उपचार जारी है। मंत्री बेबी रानी मौर्य ने अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि घायलों को सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं और पूर्ण रूप से स्वस्थ होने तक किसी को भी डिस्चार्ज न किया जाए।
उन्होंने बताया कि परिवहन मंत्रालय की ओर से दुर्घटना प्रभावितों को आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने का प्रावधान है। परिवहन मंत्रालय द्वारा दुर्घटना में वयस्क मृतकों के परिजनों को रूपये 7.5 लाख, किशोर मृतक के परिजनों को रूपये 3.75 लाख, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को रूपये 25 हजार तथा आंशिक रूप से घायल व्यक्तियों को रूपये 10-10 हजार देने का प्रावधान है। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वि/रा), उप जिलाधिकारी सदर और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।










