
हाथरस 06 नवंबर । मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और स्वावलंबन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जनपद के सभी थानों में विशेष गोष्ठियाँ आयोजित की गईं। पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में आयोजित इन बैठकों में मिशन शक्ति केंद्रों के सुचारु संचालन, कार्यप्रणाली में सुधार और पीड़ित महिलाओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी थाना प्रभारियों ने मिशन शक्ति केंद्रों पर तैनात कर्मियों के साथ चर्चा करते हुए बताया कि केंद्रों पर सभी गतिविधियों का रिकॉर्ड अपडेट किया जाए और महिला पीड़िताओं को तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाए। इनके संचालन की निगरानी के लिए हर केंद्र पर एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। साथ ही थाना परिसर में महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण, गोपनीय स्थान और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। महिला पीड़िताओं को कानूनी व मनोवैज्ञानिक सहायता प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे महिलाओं से संवेदनशील व्यवहार करें और उन्हें बिना किसी डर या संकोच के अपनी समस्या बताने के लिए प्रोत्साहित करें। इसके अलावा, हेल्पलाइन नंबर 112, 181, 1076, 1090 व 1098 की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया। पुलिस अधिकारियों ने यह भी निर्णय लिया कि मिशन शक्ति केंद्रों की मासिक समीक्षा की जाएगी और कामकाज में सुधार के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महिलाओं को सहायता देने की प्रक्रिया को और तेज व प्रभावी बनाने पर भी बल दिया गया। समाज में महिला सुरक्षा को लेकर सकारात्मक माहौल बनाने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और समुदाय स्तर पर भी जागरूकता बढ़ाई जाएगी। पुलिस प्रशासन ने कहा कि महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक महिला को सम्मान, सुरक्षा और न्याय उपलब्ध कराना मिशन शक्ति 5.0 का मुख्य लक्ष्य है।











