
हाथरस 01 नवम्बर । आज पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस अशोक कुमार के पर्यवेक्षण में “मिशन शक्ति” अभियान के पंचम चरण के तहत जनपद में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अंतर्गत जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में महिला बीट पुलिस अधिकारियों ने गांव, कस्बों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, बस स्टैंड तथा भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन से संबंधित जानकारियाँ प्रदान कीं। चौपालों के माध्यम से महिलाओं की समस्याएँ सुनी गईं तथा उनके निस्तारण हेतु त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई। साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित प्रमुख हेल्पलाइन नंबर जैसे 1090 (वीमन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1076 (सीएम हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड लाइन), 102 (स्वास्थ्य सेवा) की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक थाने पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र में महिला कर्मियों द्वारा पीड़ित महिलाओं की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जा रही है। छात्राओं एवं महिलाओं को यह भी बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच पुलिस सहायता नंबरों पर कॉल करें। अभियान के दौरान साइबर अपराध व उससे बचाव संबंधी जानकारी प्रदान करते हुए जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए। वहीं, एन्टी रोमियो टीम द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर सतत निगरानी रखकर छेड़छाड़ व उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की गई। पुलिस टीम ने महिलाओं व बालिकाओं को न्याय एवं सुरक्षा के अधिकारों से अवगत कराते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और निर्भीक होकर शिक्षा व कार्य करने के लिए प्रेरित किया।










