
हाथरस 30 अक्टूबर । 05 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की प्रगति की अंतर्विभागीय समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने की। बैठक में सीडीओ ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत सभी विभागों द्वारा की जा रही गतिविधियों की समीक्षा की। प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अर्बन एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए। नालों की सफाई, जलभराव रोकने, कीटनाशक छिड़काव एवं नियमित फॉगिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि संचारी रोगों के लक्षण, कारण और बचाव संबंधी जानकारी व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुँचाई जाए ताकि जनमानस में जागरूकता बढ़े और लोग सुरक्षा उपायों को अपनाएँ। सीडीओ ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम में स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, शिक्षा समेत सभी विभागों की संयुक्त भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बेहतर समन्वय, सतत निगरानी और जनभागीदारी से ही अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने संचारी रोगों से बचाव के पोस्टर अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायत भवनों, सरकारी दफ्तरों एवं प्रमुख चौराहों पर अनिवार्य रूप से लगाए जाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, समस्त एम.ओ.आई.सी., अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत एवं खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








 
				 
				 
								 
								 
																											 
												 
												 
												 
             
             
					 
					 
					 
					



