
हाथरस 29 अक्टूबर । जनपद के निवर्तमान जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय को बुधवार को राजस्व एवं विकास विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। इसी दौरान नवागत जिलाधिकारी अतुल वत्स का स्मृति चिन्ह व बुके भेंट कर स्वागत किया गया। विदाई समारोह में अधिकारियों ने श्री पाण्डेय को स्मृति चिह्न भेंट करते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। नवागत जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि राहुल पाण्डेय द्वारा जनपद में प्रारंभ कराए गए विकास एवं निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ मूर्त रूप दिया जाएगा। इस अवसर पर निवर्तमान जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने नवागत जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में हाथरस विकास की नई ऊँचाइयों को छुएगा। उन्होंने कहा कि जनपद में कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी एक उत्कृष्ट टीम हैं, जिनकी कार्यशैली में समन्वय और टीम भावना का अद्भुत मेल है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी उपलब्धि के पीछे पूरी टीम की मेहनत होती है। सरकारी सेवा समाज सेवा का एक प्रमुख माध्यम है, जिसके जरिए जनहित में कार्य किए जाते हैं। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बताया कि निवर्तमान जिलाधिकारी का कार्यकाल जनपद के लिए उपलब्धियों से भरा रहा और उनका कार्य करने का तरीका सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रभागीय/प्रभारी वन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, स्टेनो जिलाधिकारी, वरिष्ठ लिपिक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।












